भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : झारखंड के कोडरमा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पिता और उसके दो बेटों ने मिलकर अपनी ही बेटी की निर्ममता से हत्या कर दी। पुलिस ने 73 वर्षीय व्यक्ति और उसके दोनों बेटों को इस जघन्य अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती का संपर्क गांव के एक युवक से था, जिसे परिवार स्वीकार नहीं कर पा रहा था।
परिवार पर आरोप है कि 18 वर्षीय युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई और फिर शव को घर के सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया। बाद में अपराध छिपाने के लिए सिर धड़ से अलग कर नदी किनारे दफनाया गया।
शव छुपाने का प्रयास
जांच के दौरान पुलिस ने खुलासा किया कि इस निर्मम हत्या को युवती के 20 वर्षीय छोटे भाई ने अंजाम दिया था, जबकि अन्य परिजनों ने शव को छिपाने में मदद की। कोडरमा के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के अनुसार, परिवार ने पांच फरवरी को युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जबकि उसे 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देनी थी।
12 फरवरी को मरकच्चो क्षेत्र के पंचखेरो नदी के किनारे रेत में दबा हुआ एक शव बरामद हुआ, लेकिन उसका सिर नहीं था। पुलिस को संदेह हुआ और जांच के दौरान परिवार को बुलाया गया, लेकिन उन्होंने शव को पहचानने से इनकार कर दिया। उनके विरोधाभासी बयानों ने पुलिस के शक को और गहरा कर दिया।
पुलिस की जांच और खुलासा
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब आरोपियों के ब्रह्मटोली गांव स्थित घर की तलाशी ली गई, तो सेप्टिक टैंक से युवती के बालों का गुच्छा बरामद हुआ। गहन पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दो फरवरी को जब युवती अपने फोन पर एक युवक से बात कर रही थी, तभी उसके छोटे भाई ने उसे देख लिया और क्रोध में आकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उस समय घर में केवल दोनों भाई-बहन ही मौजूद थे।
सिर काटकर अलग-अलग स्थानों पर दफनाया
हत्या के बाद परिवार ने शव को सेप्टिक टैंक में छुपा दिया, लेकिन दुर्गंध फैलने के डर से उसे वहां से हटाने का फैसला किया। शव आठ दिनों तक टैंक में पड़ा रहा। इसके बाद आरोपियों ने शव को एक बोरे में डालकर नदी किनारे ले गए, जहां कुल्हाड़ी से उसका सिर काट दिया और फिर रेत के नीचे गाड़ दिया।
बाद में पुलिस ने शव के सिर को भी बरामद कर लिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने पीड़िता के पिता और दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

