हनीमून ट्रिप बना जंग का अखाड़ा : गोवा गए नवविवाहित जोड़े के बीच मारपीट का मामला , पत्नी ने गोवा में पति को छोड़ दर्ज कराया केस....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : शादी के बाद हनीमून ट्रिप पर गए एक नवविवाहित जोड़े के बीच ऐसा विवाद हुआ कि पत्नी अपने पति को गोवा में छोड़कर अकेले ही फ्लाइट से वापस लौट आई। घर पहुंचते ही उसने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मारपीट और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया। महिला का आरोप है कि उसके पति ने न केवल गोवा में बल्कि शादी के बाद से ही उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

घटना उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की है, जहां शादी के मात्र दस दिन बाद ही यह विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली इस महिला की शादी 12 फरवरी को निचलौल क्षेत्र के चमनगंज पुल के पास रहने वाले डॉक्टर रत्नेश गुप्ता से हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। शादी के बाद, जब वह अपने ससुराल पहुंची, तो उसके साथ उत्पीड़न किया जाने लगा। मामला बढ़ने पर महिला के मायके पक्ष के लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।

इसके बाद, 19 फरवरी को नवविवाहित जोड़ा हनीमून के लिए गोवा रवाना हुआ। महिला ने आरोप लगाया कि वहां भी पति उसके साथ मारपीट करने लगा | जैसे ही इस घटना की जानकारी उसके मायके वालों को मिली, उन्होंने 22 फरवरी को उसे फ्लाइट से वापस बुला लिया। 

घर लौटने के बाद, महिला सीधे पुलिस थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि ससुराल में उसे प्रताड़ित किया गया और गोवा में भी पति ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप के अनुसार, पति ने उसका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि सदर कोतवाली में नवविवाहित महिला की तहरीर पर मारपीट और दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV