भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर के वीआईपी रोड पर हंगामा करने वाली रूसी युवती और उसके वकील मित्र को पुलिस ने तीन दिनों के रिमांड पर लिया है। पुलिस उनसे कई अहम सवालों पर पूछताछ करेगी, जिसमें यह जानने का प्रयास होगा कि आखिरकार वह रायपुर क्यों आई थी और उसे छत्तीसगढ़ कौन लेकर आया था। इसके अलावा, पुलिस यह भी जांच करेगी कि उसका यहां किन-किन लोगों से संपर्क था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रूसी युवती सत्तारोवा नादिराखोन के पास टूरिस्ट वीजा है। हालांकि, उसकी संदिग्ध गतिविधियों के कारण पुलिस इस मामले को गंभीरता से जांच रही है ताकि उसके स्थानीय संपर्कों का खुलासा हो सके।
31 जनवरी को रायपुर पहुंची थी
सूत्रों के अनुसार, यह युवती 31 जनवरी को टूरिस्ट वीजा पर उज्बेकिस्तान से मुंबई होते हुए रायपुर आई थी। वह टाटीबंध इलाके के एक होटल में ठहरी हुई थी। इसी दौरान 5 फरवरी को वीआईपी रोड स्थित एक बार में उसकी वकील भावेश आचार्य से मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद दोनों एक होटल भी गए।
इसके अलावा, दोनों ने बार में काफी शराब पी और फिर होटल की ओर लौट रहे थे। नशे की हालत में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्होंने स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज
पुलिस ने इस युवती और उसके वकील पर एक्सीडेंट के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। उन पर दूसरे की जान को खतरे में डालने और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। यदि इस मामले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं, तो अदालत दोषियों को तीन साल तक की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माना सुना सकती है।
घटना की पूरी जानकारी
6 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे उज्बेकिस्तान के ताशकंद की रहने वाली इस युवती ने अपने वकील मित्र भावेश आचार्य के साथ मिलकर वीआईपी रोड पर एक कार चलाई, जिस पर भारत सरकार लिखा हुआ था। नशे की हालत में उसने स्कूटी पर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
इस हादसे में नीलकमल साहू, ललित चंदेल और अरुण विश्वकर्मा घायल हो गए। ये तीनों क्रमशः रायपुर, महासमुंद और बलौदाबाजार के निवासी हैं तथा वीडियो शूटिंग से जुड़े कार्य करते हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार को रोक लिया। इसी दौरान तेलीबांधा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंच गई। जैसे ही युवती कार से बाहर निकली, उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच उसका फोन गायब हो गया, जिससे वह और ज्यादा आक्रोशित हो गई। उसने वहां खड़े लोगों पर फोन चुराने का आरोप लगाया और मोबाइल लौटाने की मांग करने लगी।
पुलिस लगातार उसे थाने चलने के लिए कहती रही, लेकिन नशे की हालत में उसने सड़क पर ही बवाल मचाया।गुरुवार देर रात रायपुर के वीआईपी रोड पर इस रूसी युवती ने नशे में धुत होकर कार चलाई और स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, युवती ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया, जिससे पुलिस को उसे काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

