भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित हिंदी फिल्म ‘छावा’ को राज्य में कर-मुक्त किया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने राजिम कुंभ के समापन के पश्चात मीडिया से चर्चा के दौरान की। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ की जनता को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने और युवाओं में देशभक्ति एवं पराक्रम की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय से राज्य के सिनेमाघरों में फिल्म देखने वाले दर्शकों को टिकट दर में छूट मिलेगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख पाएंगे और भारतीय इतिहास की समृद्ध परंपरा से प्रेरित हो सकेंगे।
गौरतलब है कि यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र, छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर केंद्रित है। संभाजी महाराज ने मुगलों और अन्य आक्रमणकारियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने अद्वितीय पराक्रम, सैन्य कुशलता और सर्वोच्च बलिदान की अद्भुत गाथा रची। यह फिल्म उनके अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को जीवंत करती है और देशभक्ति की भावना को प्रबल करती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार उन फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए संकल्पबद्ध है जो समाज को प्रेरित करती हैं और सांस्कृतिक चेतना को जागरूक बनाती हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और देशभक्ति से प्रेरित फिल्मों को समर्थन देती रहेगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली अतीत से परिचित हो सकें।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता, खासकर युवाओं से अपील की कि वे इस फिल्म को देखें और भारतीय इतिहास के उन स्वर्णिम अध्यायों से परिचित हों, जो आज भी प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

