भिलाई में ट्रायल ड्राइव के दौरान बड़ा हादसा: स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, तीन लोग घायल, ड्राइवर गिरफ्तार....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के पास महिंद्रा शोरूम में एक ट्रायल ड्राइव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्कॉर्पियो चला रहे ड्राइवर ने गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे वाहन बेकाबू होकर खड़ी गाड़ियों से टकरा गया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सुपेला थाना क्षेत्र में हुई।

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे महिंद्रा शोरूम में ड्राइवर मुकुंद तरोने स्कॉर्पियो को पार्किंग में खड़ा करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान गलती से उसके पैर का दबाव एक्सीलेटर पर पड़ गया, जिससे गाड़ी की गति अचानक तेज हो गई और सामने खड़ी एक बाइक तथा एक स्कूटी से टकरा गई।

हादसे में एक बच्ची समेत दो युवक घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला भेजा गया। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो के नीचे फंसी बाइक और स्कूटी को बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

महिंद्रा शोरूम के सामने सर्विस रोड पर कर्मचारियों और ग्राहकों की गाड़ियां खड़ी की जाती हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इस वजह से अस्पताल जाने वाली एम्बुलेंस भी प्रभावित होती हैं। इसके बावजूद इस समस्या को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV