भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) अंबिकापुर आत्मानंद स्कूल बतौली के 12वीं कक्षा के विदाई समारोह के नाम पर शहर की सड़कों पर स्टंट करने वाले 11 छात्रों की पहचान कर ली गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इन सभी छात्रों को तुरंत निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
प्राचार्य को यह आदेश दिया गया है कि वे संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगें। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो विद्यार्थियों के चरित्र प्रमाण पत्र में इस घटना का उल्लेख किया जाएगा और उन्हें आगामी परीक्षा से भी वंचित कर दिया जाएगा।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
इंटरनेट मीडिया पर बुधवार को कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें आत्मानंद स्कूल बतौली के छात्र-छात्राएं चार पहिया वाहनों में स्टंट करते नजर आए। इन वीडियो में कुछ छात्रों के हाथों में शराब की बोतलें भी दिखाई दीं। इस मामले को कलेक्टर विलास भोसकर ने गंभीरता से लिया।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने आत्मानंद स्कूल बतौली के प्राचार्य से रिपोर्ट मांगी। अपनी रिपोर्ट में प्राचार्य ने इस बात की पुष्टि की कि उनके स्कूल के छात्र-छात्राएं इस घटना में शामिल थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विदाई समारोह दोपहर दो बजे तक संपन्न हो गया था, जिसके बाद विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए घर भेज दिया गया था।
11 विद्यार्थियों की हुई पहचान
प्रसारित वीडियो के आधार पर 11 छात्रों की पहचान कर ली गई। इस रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य को आदेश दिया कि इन विद्यार्थियों को अनुशासनहीनता के आरोप में विद्यालय से निलंबित किया जाए और वार्षिक परीक्षा 2025 में शामिल होने से रोका जाए।
शिक्षा विभाग की छवि धूमिल
इस घटना को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने आत्मानंद स्कूल बतौली के प्राचार्य राजेश गुप्ता को पत्र जारी किया है। इसमें उल्लेख किया गया है कि कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अंबिकापुर शहर के रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार पहिया वाहनों में खतरनाक स्टंट किए।
वीडियो में कुछ छात्रों को शराब की बोतलें लहराते देखा गया, जो न केवल गंभीर अनुशासनहीनता है, बल्कि परिवहन विभाग के नियमों का भी उल्लंघन है। इस घटना से शिक्षा विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा है, जिससे समाज में नकारात्मक संदेश गया है।
कलेक्टर सरगुजा ने भी इस घटना पर नाराजगी व्यक्त की है और इसमें शामिल विद्यार्थियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश दिया है कि जिन विद्यार्थियों की पहचान हुई है, उन्हें तत्काल विद्यालय से निलंबित किया जाए। साथ ही, उनके अभिभावकों से जवाब तलब किया जाए। यदि उत्तर संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो विद्यार्थियों के चरित्र प्रमाण पत्र में इस घटना का उल्लेख किया जाए और उन्हें आगामी परीक्षा में बैठने से वंचित किया जाए।
वाहन मालिकों पर भी केस दर्ज
फेयरवेल पार्टी के दौरान स्टंट में इस्तेमाल किए गए आठ चारपहिया वाहनों के खिलाफ धारा 190, 182 और 355 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने होटल से भी जानकारी जुटाई, जहां विद्यार्थी पार्टी मना रहे थे। जांच में पाया गया कि कुछ छात्र-छात्राएं कार की खिड़की पर बैठे थे, जबकि कुछ कार की छत पर खड़े होकर शराब की बोतलें लहरा रहे थे।
इस मामले में पुलिस ने वाहन मालिकों को भी तलब किया है। जांच में यह सामने आया कि इनमें से अधिकांश वाहन विद्यार्थियों के अभिभावकों के नाम पर पंजीकृत हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

