भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बस्तर राजमहल में 135 वर्षों के अंतराल के बाद एक ऐतिहासिक बारात निकलने जा रही है, जिसमें देशभर के 100 से अधिक राजघरानों के लोग शामिल होंगे। पिछली बार 1923 में महारानी प्रफुल्ल कुमारी देवी का विवाह हुआ था, लेकिन उस समय बारात नहीं निकाली गई थी। इसके पहले, 1890 में राजा रुद्रप्रताप देव की बारात बस्तर राजमहल से निकली थी। अब, पांच पीढ़ियों बाद, 20 फरवरी को बस्तर महाराजा कमलचंद भंजदेव का विवाह संपन्न होने जा रहा है। इस विवाह समारोह में बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी भी बारात के साथ नागौद जाएंगी।
विवाह समारोह 20 फरवरी को आयोजित होगा। दंतेवाड़ा से मां दंतेश्वरी का छत्र और छड़ी इस समारोह के लिए मंगलवार शाम जगदलपुर पहुंच चुके हैं। 45 वर्षीय कमलचंद्र भंजदेव का विवाह मध्य प्रदेश के किला नागौद के महाराजा शिवेंद्र प्रताप सिंह की पुत्री भुवनेश्वरी कुमारी के साथ संपन्न होगा। इस यात्रा के लिए बस्तर से मध्य प्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट तक दो चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था की गई है।
एक छोटे चार्टर्ड विमान में मां दंतेश्वरी के साथ कमलचंद्र भंजदेव और उनके परिवार के सदस्य यात्रा करेंगे, जबकि दूसरा विमान बारातियों को लाने-ले जाने के लिए दो से तीन बार उड़ान भरेगा। उल्लेखनीय है कि राजा प्रवीरचंद्र का विवाह दिल्ली में तथा राजा विजयचंद्र और भरतचंद्र के विवाह गुजरात में संपन्न हुए थे।
इस विवाह समारोह के माध्यम से बस्तर की सकारात्मक छवि देशभर में पहुंचेगी। बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव ने बताया कि विवाह समारोह में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से कई रजवाड़ों के सदस्य आ रहे हैं। दशकों बाद बस्तर राजमहल में विवाह होने जा रहा है, जिसमें विभिन्न राजघरानों और प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति होगी।
बस्तर को अब तक नक्सलवाद के कारण जाना जाता रहा है, लेकिन इस आयोजन से लोगों की धारणा बदलेगी। समारोह में भाग लेने वाले कई मेहमान बस्तर और नागौद किले दोनों स्थानों पर पहुंच रहे हैं। इस भव्य आयोजन में मध्य प्रदेश के सिंधिया राजघराने से ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजस्थान के जयपुर राजघराने से उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री सीएम विजय शर्मा, अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, सरगुजा राजघराने के वंशज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, मेवाड़ के महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह राणा, गुजरात के बड़ौदा राजघराने के गायकवाड़ परिवार, ओडिशा के पटनागढ़ राजघराने से उपमुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह, त्रिपुरा से विक्रम माणिक्यदेव, ओडिशा के मयूरभंज और गोहिल राजघराने सहित सौ से अधिक राजपरिवारों के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV