भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बिलासपुर। जीत की खुशी आसानी से पच जाती है, लेकिन हार का दर्द कई बार बर्दाश्त नहीं होता। ऐसा ही एक मामला सरकंडा थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां पंचायत चुनाव में पराजित प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ मिलकर जमकर बवाल किया। गुस्साए लोगों ने मतदान दल को बंधक बना लिया और पुलिस बल पर पथराव कर दिया, जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस हिंसा के मामले में पुलिस ने 14 नामजद सहित 100 से अधिक लोगों पर मामला दर्ज किया है।
यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगरा ग्राम पंचायत की है, जहां दूसरे चरण के मतदान के बाद मतगणना के दौरान विवाद खड़ा हो गया। जैसे ही नतीजे घोषित हुए, हार से निराश प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने मतगणना स्थल पर हंगामा खड़ा कर दिया और दोबारा मतगणना की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ती गई और मामला हिंसक हो उठा।
आक्रोशित भीड़ ने पहले मतदान दल को घेर लिया और फिर पुलिस दल पर हमला बोल दिया। पथराव की इस घटना में तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए, जबकि दो से अधिक गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
इस अप्रत्याशित घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भयभीत लोग इधर-उधर भागने लगे। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 14 नामजद और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। वर्तमान में पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी भी तरह की नई अप्रिय घटना को रोका जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

