भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को बोर्ड परीक्षा में अतिरिक्त अंक देने का निर्णय लिया है। यह बोनस अंक उन विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे, जो खेलकूद या अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। इसमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, साक्षरता अभियान के स्वयंसेवकों समेत अन्य चयनित कार्यक्रमों में भाग लेने वाले छात्रों को भी लाभ मिलेगा।
CGBSE की सचिव पुष्पा साहू ने शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर ऐसे छात्रों की सूची 25 मार्च 2025 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को 10 अंक, राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों को 15 अंक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वालों को 20 अंक अतिरिक्त दिए जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों से पात्र छात्रों की सूची एकत्र कर निर्धारित समय सीमा के भीतर भेजें, ताकि परीक्षा के दौरान इन अंकों को जोड़ा जा सके।
बोनस अंक देने की यह पहल सत्र 2024-25 की बोर्ड परीक्षाओं से लागू होगी। केवल वही छात्र इस लाभ के पात्र होंगे, जिन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया या अन्य मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। इसके अतिरिक्त, एनसीसी के आरडी परेड, वायु सेना, नौसेना और थल सेना कैंप में हिस्सा लेने वाले कैडेट्स को भी बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे।
इस फैसले का उद्देश्य छात्रों को खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित करना है, जिससे उनके समग्र विकास को बढ़ावा मिल सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

