CG : 25 फरवरी को प्रदेशभर की जेलों में कैदियों का होगा महाकुंभ स्नान, प्रयागराज से मंगाया जा रहा है गंगाजल...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों को 25 फरवरी को गंगाजल से स्नान कराने की तैयारी की जा रही है। गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि जेलों में रह रहे बंदियों की भी यह इच्छा होती है कि वे गंगा स्नान का पुण्य प्राप्त करें। इसी को ध्यान में रखते हुए, प्रदेश की सभी 33 जेलों में कैदियों के लिए गंगाजल से सामूहिक स्नान की व्यवस्था की गई है।


इस उद्देश्य से प्रयागराज से गंगाजल मंगवाया जा रहा है, जिसे जेलों में उपलब्ध पानी के साथ मिलाकर स्नान के लिए उपयोग किया जाएगा। सभी जेल अधीक्षकों और जेल अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कैदियों को जेल परिसर में बने स्नान टैंकों या कुंडों में बारी-बारी से स्नान करने का अवसर मिलेगा। गंगाजल से स्नान के पश्चात, सभी बंदी पूजा-अर्चना करेंगे। गृह मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जेलों में मौजूद कैदी महाकुंभ में जाकर स्नान नहीं कर सकते, लेकिन उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और उन्हें गंगा स्नान का अनुभव प्रदान किया जाएगा।

राज्य सरकार कैदियों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण और रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी संचालित कर रही है, जिससे उनकी रिहाई के बाद पुनर्वास में सहायता मिले और वे अपराध की दुनिया से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।