भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी आगामी 3 मार्च को दोपहर 12:30 बजे राज्य का दूसरा बजट प्रस्तुत करेंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पिछले वर्ष उन्होंने 1 लाख 47 हजार 500 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, और इस बार इसके बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने रविवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार का बजट सत्र 24 फरवरी से 21 मार्च तक चलेगा। इस दौरान विधायकों और मंत्रियों के लिए प्रबंधन प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) के साथ-साथ लंदन और सिंगापुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विधानसभा की नई इमारत का दौरा करेंगे मंत्री और विधायक
रमन सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के मंत्री और विधायक मैनेजमेंट संस्थानों में प्रशासनिक दक्षता, बजट प्रबंधन, संचार कौशल और नीति निर्माण की बारीकियां सीखेंगे। इसके अलावा, बजट सत्र के दौरान सभी मंत्री और विधायक नया रायपुर में निर्माणाधीन विधानसभा भवन का भी निरीक्षण करेंगे।
इस तरह चलेगी विधानसभा की कार्यवाही
डॉ. रमन सिंह के अनुसार, इस बार के विधानसभा सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। 24 फरवरी को राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जबकि 25 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के तीसरे अनुपूरक बजट पर चर्चा की जाएगी।
सत्र 21 मार्च तक जारी रहेगा
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में अवकाश रहेगा। इसके बाद प्रत्येक शनिवार और रविवार को भी छुट्टी रहेगी। अन्य कार्यदिवसों में विधायकों के सवालों पर चर्चा की जाएगी। 13 मार्च से 16 मार्च तक होली पर्व के कारण कार्यवाही स्थगित रहेगी। 17 मार्च से सत्र पुनः शुरू होकर 21 मार्च तक चलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में मंत्रालय में बजट को लेकर एक बैठक की, जिसमें विभिन्न विभागों के बजट प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इनमें धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, ग्रामोद्योग, स्कूल शिक्षा, सामान्य प्रशासन, उच्च शिक्षा, पर्यटन एवं संस्कृति, जन शिकायत निवारण, वाणिज्यिक कर (आबकारी), परिवहन, जनसंपर्क, खनिज संसाधन, विमानन, सुशासन एवं अभिसरण तथा ऊर्जा विभाग शामिल हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

