भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) कांकेर जिले के पुसवाड़ा गांव में मतदान दल और पुलिसकर्मियों पर डंडे और पत्थरों से हमला होने की खबर सामने आई है। इस हमले में सात से आठ कर्मी घायल हुए हैं। साथ ही, कम वोट प्राप्त करने वाले सरपंच पद के प्रत्याशी सहित 40 से 50 लोगों ने मतपेटी लूटने, मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना का पूरा विवरण
पीठासीन अधिकारी अशोक गोटे द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रिटर्निंग अधिकारी के आदेश पर मतदान केंद्र पुसवाड़ा में उनकी ड्यूटी लगी थी।
17 फरवरी को सरपंच पद के प्रत्याशियों को प्राप्त मतों की घोषणा के बाद, कम वोट पाने वाली प्रत्याशी रूखमणी कोसमा, रोहित नेताम, तोमेश यादव और उनके लगभग 50 समर्थकों ने मतदान प्रक्रिया में बाधा डालनी शुरू कर दी। रात 8:30 बजे से 10 बजे तक मतदान केंद्र पर हंगामा किया गया।
इन लोगों ने शासकीय कार्य में हस्तक्षेप करते हुए मतपेटी छीनने का प्रयास किया और मतदान दल से दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की। सरकारी संपत्ति को नुकसान भी पहुंचाया गया।
मतदान प्रक्रिया और हंगामा
15 फरवरी को मतदान कराने के लिए मतदान अधिकारी नूतन कुमार पोया, अभिलाष कुमार महंत, देवेंद्र कुमार जैन, जितेंद्र कुमार ठाकुर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शशि नेताम सहित मतदान दल मतदान केंद्र 128, पुसवाड़ा पहुंचे थे।
मतगणना के बाद सरपंच पद की प्रत्याशी सावित्री हेमंत कोर्राम (गिलास चिन्ह) को 298 और रूखमणी कोसमा (चश्मा चिन्ह) को 164 वोट मिले। मतगणना पूरी होने के बाद गणना पर्ची एजेंट को सौंप दी गई। मतदान कर्मी मतपेटी को सील करने की प्रक्रिया में थे, तभी रूखमणी कोसमा के एक समर्थक ने बाउंड्रीवाल कूदकर मतदान कक्ष के दरवाजे को बाहर से ताला लगा दिया और मतदान कर्मियों को अंदर बंद कर दिया।
जब मतदान कर्मियों ने ताला लगाने वाले का नाम पूछा, तो एक एजेंट ने बताया कि वह व्यक्ति रोहित नेताम था, जो पुसवाड़ा का निवासी है।
जान से मारने की धमकी
ताला लगाते ही रोहित नेताम और उसके 50 साथी गाली-गलौज करने लगे और मतदान दल को जान से मारने की धमकी देने लगे। वे डंडे और पत्थर लेकर मतदान केंद्र के बाहर खड़े रहे।
इसके बाद, नायब तहसीलदार अभिषेक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ताला खोलकर मतदान कर्मियों को बाहर निकाला। लेकिन सरपंच पद के प्रत्याशी और उनके समर्थक पुनः मतगणना की मांग को लेकर विरोध करने लगे।
नायब तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई। जैसे ही मतदान दल को वाहनों तक सुरक्षित पहुंचाया गया और वहां से निकाला जाने लगा, प्रदर्शनकारी वाहन के सामने बैठ गए और चेतावनी दी कि जब तक पुनः मतगणना नहीं होगी, वे किसी को जाने नहीं देंगे।
पुलिस पर हमला और मतपेटी लूटने का प्रयास
इस दौरान भीड़ ने पुलिस और मतदान दल पर डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने मतपेटी छीनने की कोशिश की और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह मतदान दल को बचाकर वाहनों में बैठाया और वहां से कुछ दूर तक ले गई।
घटना के बाद मतदान कर्मियों और अधिकारियों से पूछताछ की गई, जिसमें पता चला कि सात से आठ पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई थीं और उनके शरीर से खून बह रहा था। इसके बाद मतदान दल को सुरक्षित स्ट्रांग रूम भेज दिया गया।
आरोपियों पर मामला दर्ज
सरपंच पद की प्रत्याशी रूखमणी कोसमा, रोहित नेताम, अजय कुंजाम, अनिल कुंजाम, कांता वट्टी, तोमेश यादव, कमल नेताम, लच्छन यादव, हीरा नेताम, राधे नेताम, नागेश मंडावी, यशवंत वट्टी सहित 50 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

