भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिलासपुर। स्कूल में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने चार विद्यार्थियों को हिरासत में लिया है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आठवीं कक्षा के दो छात्र और दो छात्राओं को पकड़ा गया है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हमले का असली निशाना चौथी कक्षा की छात्रा नहीं, बल्कि एक शिक्षिका थी।
इस घटना के बाद गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और सख्त कार्रवाई की मांग की। स्कूल प्रबंधन द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। संदिग्ध छात्रों से पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस अब हिरासत में लिए गए विद्यार्थियों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत करेगी।
प्रारंभिक जांच से पता चला कि विस्फोटक सामग्री ऑनलाइन पटना से मंगाई गई थी, जिसे स्कूल की एक शिक्षिका को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लाया गया था। दुर्भाग्यवश, इस धमाके की चपेट में चौथी कक्षा की एक छात्रा आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना से पहले आठवीं कक्षा की एक छात्रा वॉशरूम गई थी। उसने स्वीकार किया कि उसने अपने तीन अन्य सहपाठियों के साथ मिलकर विस्फोटक मंगवाया और टॉयलेट में धमाका किया। दोषी विद्यार्थियों के अनुसार, यह केवल एक शरारत थी, लेकिन यह घटना इतनी गंभीर थी कि इसमें किसी की जान भी जा सकती थी।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए (ज्वलनशील पदार्थ से किसी को हानि पहुँचाने) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी विद्यार्थियों की पहचान होने के बाद पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आठवीं कक्षा की दो छात्राओं और दो छात्रों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सुबह करीब 10:15 बजे सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल के बाथरूम में धमाका हुआ था। उस समय विद्यालय में परीक्षा चल रही थी। इस दौरान चौथी कक्षा की दस वर्षीय छात्रा स्तुति मिश्रा वॉशरूम गई थी, जहां विस्फोट हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत बर्न केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
घटना के अगले दिन, शनिवार को आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद, स्कूल प्रशासन ने इस घटना में शामिल पाए गए छह विद्यार्थियों को निष्कासित कर दिया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

