भिलाई की पत्रिका न्यूज़: बलरामपुर-रामानुजगंज: छत्तीसगढ़ से महाकुंभ की यात्रा पर निकले लोगों की कार एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में प्रधान आरक्षक सहित कुल छह लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में घटित हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
यह हादसा वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे 5A के चोपन-हाथीनाला मार्ग पर शाम 7:00 बजे हुआ, जब एक कार और ट्रक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर के प्रभाव से कार सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार सवार और घर में मौजूद कुल छह लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही हाथीनाला चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। सभी घायलों को तुरंत चोपन अस्पताल भेजा गया।
हादसे का शिकार हुई कार में कुल सात लोग यात्रा कर रहे थे, जिनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासियों के रूप में की गई है। इस दुखद दुर्घटना में करौंदा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक रवि प्रकाश मिश्रा भी शामिल थे।
इस घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और राहत एवं बचाव कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।
यह दुर्घटना हाथीनाला थाना क्षेत्र के रानीताली इलाके में तब घटी जब एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रही क्रेटा कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक घर में जा घुसी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतकों में चालक सनाउल्लाह (40 वर्ष) जो कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले (छत्तीसगढ़) का निवासी था, भी शामिल है। इस घटना पर सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

