CG : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: पहंडोर में मतदान दलों का भव्य स्वागत और मनोबलवर्धन

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग ,त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपद पंचायत पाटन के ग्राम पंचायत पहंडोर में स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 65 और 66 पर निर्वाचन कार्य संपन्न कराने पहुंचे मतदान दल के अधिकारियों और कर्मचारियों का विद्यालय परिवार द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। विद्यालय के सदस्यों ने मतदान दल के आगमन पर तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं फूल मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

विद्यालय के शिक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय, मिथिलेश देशलहरा, भाग्यवती चौहान, पंचायत सचिव और मध्यान्ह भोजन संचालन समूह की सदस्याओं ने मतदान दल के पीठासीन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों का स्वागत करने के पश्चात उन्हें जलपान कराया। शिक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि पंचायत चुनाव में मतदान दल का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और श्रमसाध्य होता है।

ऐसे में स्वागत और सम्मान के माध्यम से उनके मनोबल को ऊंचा बनाए रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछली पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान भी पहंडोर में इस प्रकार का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इस बार केवल पहंडोर ही नहीं, बल्कि पाटन जनपद पंचायत के सावनी, पचपेड़ी और तेलीगुंड्रा के मतदान केंद्रों पर भी मतदान दलों के स्वागत की यह पहल की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के प्रयासों को और अधिक क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरे जोश और उमंग के साथ अपना कार्य संपन्न कर सकें।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV