CG : बाढ़ और सूखे की भविष्यवाणी में इसरो करेगा मदद: किसानों और खिलाड़ियों को मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में कृषि और खेल क्षेत्रों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के विशेषज्ञ जल्द ही राज्य का दौरा करेंगे। इन विशेषज्ञों द्वारा किसानों और खिलाड़ियों को विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसरो की सहायता से बाढ़ और सूखे की सटीक भविष्यवाणी की जा सकेगी। सैटेलाइट इमेजिंग, जीआईएस तकनीक और डेटा विश्लेषण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान किया जाएगा।  

दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने इसरो प्रमुख डॉ. वी. नारायणन और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा से विस्तृत चर्चा की। राज्य सरकार का उद्देश्य खेल, कृषि और अनुसंधान गतिविधियों को उच्च स्तर पर ले जाना है। इसरो और आईओए के सहयोग से सरकार इन क्षेत्रों में विकास को गति देने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री साय, दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होने गए थे।  

कृषि, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण के लिए इसरो की सहायता अत्यंत लाभकारी होगी। इसरो प्रमुख डॉ. वी. नारायणन ने कहा कि मिट्टी की गुणवत्ता जांच, जल संसाधनों का सटीक विश्लेषण, बाढ़ और सूखे की भविष्यवाणी तथा कृषि उत्पादन को बढ़ाने के लिए डेटा-आधारित निर्णय लेने की प्रणाली विकसित की जाएगी। इस सहयोग से छत्तीसगढ़ को स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर योजना, वन और पर्यावरण संरक्षण, और जंगलों की निगरानी जैसी विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी।

मख्यमंत्री साय ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के इस नए युग में इसरो का सहयोग राज्य को अत्याधुनिक तकनीकों से लैस करेगा, जिससे कृषि, पर्यावरण, जल प्रबंधन और आपदा न्यूनीकरण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिलेंगे। इसरो अध्यक्ष ने राज्य में सैटेलाइट सर्वेक्षण, भू-मानचित्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्मार्ट कृषि को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की।

खेल के क्षेत्र में भी राज्य को नई दिशा देने की योजना बनाई गई है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पी.टी. उषा ने छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षित करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम भेजने की बात कही। इस टीम में अनुभवी कोच और खेल विशेषज्ञ होंगे, जो स्थानीय खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेंगे।

पी.टी. उषा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और यदि उन्हें उचित प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री साय ने इस पहल को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ के बीच यह सहयोग राज्य में खेलों के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV