CG: लड़की को देखकर गाड़ी मोड़ने की कोशिश पड़ी भारी: ट्रैक्टर हादसे में तीन स्कूली दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर पलटने से तीन नाबालिग दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना कुरूद थाना क्षेत्र के चर्रा गांव में हुई। बताया जा रहा है कि एक लड़की को देखकर ट्रैक्टर चालक ने अचानक मोड़ने की कोशिश की, जिससे नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रैक्टर का टायर पेड़ से टकरा गया।

मृतकों की पहचान मयंक ध्रुव, हुनेंद्र साहू और प्रीतम चंद्राकर के रूप में हुई है। वहीं, अर्जुन यादव नाम का किशोर घायल हुआ है। सभी की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच थी और वे कक्षा 9 के छात्र थे। हादसे के बाद सड़क पर चारों तरफ खून फैल गया था।

कैसे हुआ हादसा?

बुधवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच चारों दोस्त चौड़ा रोड स्थित नवोदय स्कूल से एग्रीकल्चर कॉलेज घूमने गए थे। ट्रैक्टर प्रीतम चला रहा था, जबकि मयंक, हुनेंद्र और अर्जुन पीछे बैठे थे। कॉलेज परिसर में कुछ समय बिताने के बाद वे घर लौट रहे थे।

रास्ते में, जब वे NH-30 के पास चौड़ा रोड पर पहुंचे, तो उन्हें एक लड़की दिखाई दी। ट्रैक्टर चालक ने लड़की के पास से तेज मोड़ लेने की कोशिश की, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। पीछे का टायर बरगद के पेड़ से टकरा गया और ट्रैक्टर पलटकर सड़क से नीचे जा गिरा। इस हादसे में चारों किशोर वाहन के नीचे दब गए। मृतक और घायल सभी मोंगरा गांव के रहने वाले थे।

दोस्तों ने स्कूल छोड़ घूमने का बनाया था प्लान

परिजनों के अनुसार, सभी छात्र स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उन्होंने स्कूल न जाकर एग्रीकल्चर कॉलेज जाने का निर्णय लिया। ट्रैक्टर प्रीतम चंद्राकर लाया था। वहीं, हुनेंद्र साहू जो रायपुर में पढ़ाई करता था, वह कुछ दिनों के लिए घर आया हुआ था।

दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए।

आज होगा पोस्टमॉर्टम

यातायात डीएसपी मोनिका मरावी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। वहां भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे, जिन्हें नियंत्रित कर सड़क से हटाया गया। घायल को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों का आज पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV