भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : सूरजपुर के विश्रामपुर क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। यह घटना बुधवार रात की है, जब पीड़िता का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर था। इसी दौरान गांव के 4-5 लोग घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
विश्रामपुर थाना पुलिस ने जानकारी दी कि इस जघन्य अपराध में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश से आकर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक बस्ती में रहकर मजदूरी कर रहे थे।
35 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ बीते तीन वर्षों से एक किराए के मकान में रह रही थी और मेहनत-मजदूरी कर गुजारा कर रही थी। घटना के समय उसका पति चार दिन पहले कोरिया जिले में अपने गांव किसी घरेलू कार्य से गया हुआ था।
पीड़िता ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे मोहम्मद गुलाम कादिर और अफसर अली उर्फ ठुठूवा नाम के दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे और उसके पति के बारे में पूछताछ करने लगे।
आधी रात के आसपास जब पीड़िता घर के बाहर बैठकर गुड़ाखू खा रही थी, तभी कादिर और ठुठूवा तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और जबरन उसे धक्का देकर घर के भीतर ले गए। इसके बाद पांचों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने अपनी बहन को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 70(1) और 331(8) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
विश्रामपुर थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुलाम कादिर और ठुठूवा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांचों आरोपियों गुलाम कादिर (40), अफसर अली उर्फ ठुठूवा (34), मोहम्मद इस्लाम (55), आजाद ललन (25) और मोहम्मद रमजान (50) को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और विश्रामपुर में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे। न्यायालय ने सभी आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

