CG : परीक्षा के बीच निकली चीखे : स्कूल टॉयलेट में हुए सोडियम विस्फोट से चौथी कक्षा की छात्रा बुरी तरह झुलसी , आठवी कक्षा के बच्चों ने दिया था खौफनाक घटना को अंजाम...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सेंट विसेंट पलोटी स्कूल में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जिसमें टॉयलेट में हुए सोडियम विस्फोट से चौथी कक्षा की एक छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। यह हादसा उस समय हुआ जब स्कूल में परीक्षाएँ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह लगभग 10:15 बजे छात्रा बाथरूम गई और जैसे ही उसने टॉयलेट का फ्लश दबाया, अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस घटना के पीछे आठवीं कक्षा के कुछ विद्यार्थियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। झुलसी हुई छात्रा को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से गुस्साए अभिभावकों ने जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है।

स्कूल में परीक्षा के दौरान हुआ हादसा

शुक्रवार को जब स्कूल में परीक्षा चल रही थी, तभी चौथी कक्षा की छात्रा स्तुति टॉयलेट गई थी। उसने जैसे ही फ्लश का उपयोग किया, तुरंत एक शक्तिशाली धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। जब शिक्षकों को पता चला कि धमाका बाथरूम से आया है, तो वे तुरंत वहाँ पहुँचे।

बच्ची की चीखें सुनकर घबरा गए शिक्षक

बाथरूम के अंदर से छात्रा की दर्दनाक चीखें सुनाई देने लगीं, जिससे शिक्षक घबरा गए। उन्होंने तुरंत टॉयलेट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर शिक्षकों ने उसे जोर से धक्का देकर तोड़ दिया। जब वे अंदर पहुँचे, तो छात्रा बुरी तरह झुलसी हुई फर्श पर पड़ी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

स्कूल प्रशासन ने घटना की सूचना सिविल लाइन थाने को दी। मौके पर पहुँची पुलिस को टॉयलेट से एक सिल्वर पैकिंग का जला हुआ टुकड़ा मिला। पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है।

कैसे हुआ धमाका?

अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी ने स्कूल की लैब से सोडियम लिया और उसे एल्युमिनियम फॉयल में लपेटकर टॉयलेट में रख दिया था। जब छात्रा ने फ्लश दबाया, तो पानी के संपर्क में आते ही सोडियम ने प्रतिक्रिया कर दी और धमाका हो गया। इस विस्फोट के कारण बच्ची के पैर, पीठ और बाल झुलस गए।

आठवीं कक्षा के छात्रों ने की शरारत

स्कूल के प्रिंसिपल सुनित कुमार ने बताया कि आठवीं कक्षा के कुछ छात्र इस खतरनाक हरकत में शामिल थे।बच्चे सोडियम लेकर स्कूल आये थे |उन्होंने बताया कि बच्चों में जिज्ञासा होती है और इसी कारण उन्होंने यह प्रयोग किया। जब चौथी कक्षा की छात्रा टॉयलेट में गई, तब विस्फोट हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पूछताछ में आठवीं कक्षा के छात्रों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह हरकत केवल उत्सुकता में की थी।

अभिभावकों का आक्रोश

घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। पैरेंट चेतन गुप्ता ने कहा कि यदि झुलसी हुई छात्रा के माता-पिता स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हैं, तो वे हड़ताल करेंगे। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और सीसीटीवी फुटेज की जाँच करने की माँग की। साथ ही, दोषी छात्रों को सख्त सजा देने की भी माँग की गई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV