भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : यूपी , सहारनपुर हर व्यक्ति के लिए विवाह जीवन का एक महत्वपूर्ण सपना होता है। हर कोई शादी के बाद एक नई जिंदगी की शुरुआत करता है और अपना संसार बसाता है। लेकिन क्या हो अगर यही शादी किसी के लिए दुख और पीड़ा का कारण बन जाए? उत्तर प्रदेश की एक महिला के साथ ऐसा ही कुछ भयावह हुआ, जब उसके ससुरालवालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन दे दिया। इस घटना से पुलिस प्रशासन सहित पूरे जिले में सनसनी फैल गई। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं।
ससुराल पक्ष ने बहू को दिया एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सहारनपुर की एक अदालत ने इस मामले में यूपी पुलिस को महिला के ससुरालवालों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। आरोप है कि पीड़िता की सास और ससुर ने दहेज की मांग पूरी न होने पर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।
पुलिस ने जानकारी दी कि अदालत के आदेश के बाद आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सहारनपुर के एसपी ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि पीड़िता सहारनपुर की रहने वाली है और उसके पति, देवर, ननद और सास के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा, आरोपियों पर 498ए, 323, 328 और 406 की धाराएँ भी लगाई गई हैं।
दहेज की मांग पूरी न होने पर अमानवीयता की हदें पार
महिला के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी फरवरी 2023 में पूरे रीति-रिवाज के साथ करवाई थी। शादी में लगभग 45 लाख रुपये का खर्च हुआ था। दूल्हे को दहेज के रूप में एक सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी और 15 लाख रुपये नकद दिए गए थे। लेकिन इसके बावजूद, ससुरालवालों ने अतिरिक्त 10 लाख रुपये और एक बड़ी एसयूवी की मांग करनी शुरू कर दी।
जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो महिला को प्रताड़ित किया जाने लगा। 25 मार्च 2023 को उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। बाद में पंचायत के फैसले पर वह दोबारा ससुराल लौटी। लेकिन जब दहेज की मांग बढ़ती गई, तो ससुरालवालों ने अमानवीयता की हदें पार करते हुए उसे एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन लगा दिया।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रियाएँ देनी शुरू कर दीं। पूरे इंटरनेट पर इस घटना की चर्चा होने लगी। कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे अपराधियों को इतनी कठोर सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी इस तरह की सोच न रखे। एक यूजर ने लिखा, "ऐसी सजा दी जाए कि इनकी आत्मा तक कांप उठे।" वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "अगर आरोप सिद्ध हो जाते हैं, तो दोषियों को फांसी से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए।"
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

