महिला के पेट में 10 करोड़ की कोकीन: महिला 100 कैप्सूल्स अपने शरीर के अन्दर छिपाकर आ रही थी भारत , हवाई अड्डे पर तस्करी का पर्दाफाश...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के अधिकारियों ने एक बड़े ड्रग तस्करी मामले का खुलासा किया। ब्राजील से मुंबई आई एक महिला के पेट में लगभग 10.96 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन बरामद की गई। यह महिला 100 कैप्सूल्स में 1,096 ग्राम कोकीन निगलकर भारत पहुंची थी।

कैसे पकड़ी गई महिला?

साओ पाउलो, ब्राजील से आई इस महिला पर अधिकारियों को पहले से संदेह था। हवाई अड्डे पर निगरानी के दौरान संदिग्ध व्यवहार दिखाने के कारण उसे रोका गया और पूछताछ की गई। संदेह और गहराने पर महिला को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने 100 कैप्सूल्स बाहर निकाले। इन कैप्सूल्स में कोकीन भरी हुई थी।

ड्रग तस्करी का नया तरीका

DRI अधिकारियों के अनुसार, ड्रग तस्करी के लिए अपराधी ड्रग म्यूल्स (Drug Mules) का इस्तेमाल करते हैं। ड्रग म्यूल्स वे लोग होते हैं, जो पैसों के लालच में अपने शरीर के अंदर ड्रग्स छिपाकर एक देश से दूसरे देश तक ले जाते हैं। यह महिला भी उसी तस्करी नेटवर्क का हिस्सा थी।

तस्करी नेटवर्क की पड़ताल जारी

फिलहाल, महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले की गहन जांच जारी है। DRI अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस महिला के पीछे कौन सा अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट काम कर रहा था और भारत में इसके कौन-कौन से संपर्क हो सकते हैं।

भारत में बढ़ती ड्रग तस्करी और सरकार की सख्ती

हाल के वर्षों में भारत में ड्रग तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस पर सख्त निगरानी रख रही हैं। एयरपोर्ट्स, समुद्री बंदरगाहों और सीमाओं पर कड़ी चौकसी बढ़ाई गई है।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi