भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में 11 नक्सलियों ने हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें दो नक्सली डिविजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) स्तर के थे, जो कई बड़े नक्सली हमलों में संलिप्त रहे थे। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल 40 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दो डीवीसीएम कैडर पर आठ-आठ लाख रुपये, एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) पर पांच-पांच लाख रुपये और अन्य नक्सलियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के लगातार बढ़ते दबाव के कारण इन नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने कहा कि ये सभी अब हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज के साथ मिलकर एक नया जीवन शुरू करना चाहते हैं।
इसे पुलिस और प्रशासन की नक्सल विरोधी रणनीति की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे इलाके में शांति और सुरक्षा की स्थापना में मदद मिलेगी। सरकार की पुनर्वास योजना के अंतर्गत इन आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज में पुनः बसाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
इसी से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में, शनिवार को सुकमा जिले के गुंडाराज गुडेम इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इस दौरान हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए, जिनकी पहचान पामेड़ एरिया कमेटी की सक्रिय सदस्य महिला नक्सली सोड़ी लिंगे और पुरुष नक्सली पोड़ियाम हड़मा के रूप में हुई। दोनों पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ स्थल से बीजीएल लॉन्चर, 12 बोर राइफल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोग की चीजें बरामद की गईं। सुरक्षा बल लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऐसे अभियान चला रहे हैं ताकि इलाके में स्थायी शांति स्थापित की जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

