छत्तीसगढ़ में अग्निशमन सेवाओं का बड़ा विस्तार: 12 नए फायर स्टेशन और आधुनिक उपकरणों की होगी व्यवस्था...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में छत्तीसगढ़ में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और उन्हें अत्याधुनिक बनाने को लेकर गृह मंत्रालय से प्रश्न किया। उन्होंने यह जानने की मांग की कि बीते तीन वर्षों में इस योजना के अंतर्गत राज्य में क्या प्रयास किए गए, कितनी धनराशि स्वीकृत और खर्च की गई, साथ ही अग्निशमन संरचना में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए सरकार की रणनीति क्या है।

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने उत्तर देते हुए बताया कि पंद्रहवें वित्त आयोग की अनुशंसा पर राज्यों में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण हेतु 5000 करोड़ रुपये की योजना चलाई जा रही है। इस योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 147.745 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 33.24 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी हो चुकी है।

इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ में निम्नलिखित कार्य किए जाएंगे:

 12 नए अग्निशमन केंद्रों की स्थापना की जाएगी।

 आधुनिक अग्निशमन उपकरणों जैसे फायर टेंडर, हाई एक्सपेंशन फोम जनरेटर, सेमी-ऑटोमेटिक डिफाइब्रिलेटर और स्मोक एक्सट्रैक्टर की खरीदारी होगी।

 अग्निशमन कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी क्षमता विकसित की जाएगी।

 राज्य के अग्निशमन सेवा मुख्यालय को अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

देशभर में अग्निशमन सेवाओं की भारी कमी देखी गई है:

 97.54% अग्निशमन केंद्रों की आवश्यकता बनी हुई है।

 80.04% अग्निशमन एवं बचाव वाहनों की उपलब्धता अपर्याप्त है।

 96.28% अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

योजना की निगरानी और अमल

गृह मंत्रालय के अनुसार, अग्निशमन सेवाएं राज्यों के अधिकार क्षेत्र में आती हैं, हालांकि केंद्र सरकार इसमें परामर्शदाता की भूमिका निभा रही है। राज्यों को इस योजना के लक्ष्यों को 2026 तक पूरा करना होगा। इसके लिए उन्हें महानिदेशक (एफएस, सीडी और एचजी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करना अनिवार्य होगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जोर देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में अग्निशमन सेवाओं को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सक्षम प्रतिक्रिया दी जा सके। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस योजना को छत्तीसगढ़ में सफलतापूर्वक लागू करने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi