भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : महाराष्ट्र के पुणे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने महज इस वजह से 13 दोपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया क्योंकि उसकी मां ने उसे नशे के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया था। यह पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फिलहाल, सांगवी पुलिस ने 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना पिंपरी-चिंचवड़ के पिंपले निलख इलाके में घटी। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्वप्निल पवार अपने परिवार के साथ मोरया क्षितिज बिल्डिंग में रहता है। स्वप्निल पढ़ाई में काफी अच्छा रहा है और उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुका है, लेकिन नशे की लत के कारण उसे बार-बार पैसों की जरूरत पड़ती है। सोमवार को जब उसकी मां ने उसे पैसे देने से मना कर दिया, तो उसने गुस्से में आकर सोसाइटी में पार्क किए गए 13 दोपहिया वाहनों में आग लगा दी।
इस घटना के बाद सांगवी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, स्वप्निल अपने परिवार को अक्सर परेशान करता था और कई बार उन्हें जान से मारने की धमकियां भी देता था। उसकी मां ने भी इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
सोसाइटी के अन्य निवासियों का कहना है कि युवक नशे का आदी होने के कारण अक्सर असामान्य हरकतें करता रहता था, जिससे सभी लोग बेहद परेशान थे। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

