भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। भारतीय सेना में अग्निवीर पदों की भर्ती के लिए युवाओं को बेहतरीन अवसर मिलने जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार 12 मार्च से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, अग्निवीर भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसे भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर देखा जा सकता है।
अग्निवीर भर्ती विभिन्न श्रेणियों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, ट्रेडमेन (8वीं और 10वीं पास), महिला सैन्य पुलिस और रेगुलर कैडर में धर्मगुरु, नर्सिंग सहयोगी और सिपाही फार्मा के पद शामिल हैं। योग्य उम्मीदवार 12 मार्च से 10 अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार अग्निवीर के दो पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। अग्निवीर क्लर्क पद के उम्मीदवारों को ऑनलाइन परीक्षा (सीईई) के दौरान टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा। अनुमानित रूप से यह ऑनलाइन परीक्षा जून 2025 में आयोजित की जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के हेल्पलाइन नंबर 0771-2965212 और 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल योग्यता के आधार पर होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

