दुर्ग - भिलाई : होली पर पुलिस की कड़ी निगरानी: 21 फिक्स प्वाइंट, 4 पेट्रोलिंग टीमें और सख्त कार्रवाई की तैयारी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई: होली के अवसर पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में कुल 21 स्थायी निगरानी प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिस और यातायात विभाग के जवानों की तैनाती होगी। इसके अलावा, चार पेट्रोलिंग वाहन भी लगातार गश्त करेंगे।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सत्यानंद विध्यराज के नेतृत्व में एक निरीक्षक स्तर की टीम गठित की गई है। यातायात पुलिस द्वारा होली को शांतिपूर्ण बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग पॉइंट तय किए गए हैं।

चेकिंग के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर वाहन चलाता हुआ, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर या बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो उसका वाहन जब्त कर लिया जाएगा। इसके अलावा, संशोधित साइलेंसर वाले वाहनों को भी जब्त किया जाएगा। जब्त किए गए वाहनों के मालिकों को 17 मार्च 2025 को चालान भरने के बाद वाहन वापस मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, संदेहास्पद और काले शीशों वाले वाहनों पर विशेष कार्रवाई की जाएगी। सभी 21 चेकिंग प्वाइंट्स पर अधिकारी और पुलिसकर्मी ब्रीथ एनालाइजर मशीन की मदद से वाहन चालकों की जांच करेंगे। यदि कोई व्यक्ति नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके लाइसेंस को निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग को सूचना भेजी जाएगी।

यातायात पुलिस, दुर्ग जिले के नागरिकों से अपील करती है कि वे होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी प्रकार के नशे में वाहन न चलाएं। सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और सुरक्षित होली मनाएं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi