अगले 24 घंटे में दुर्ग सहित 13 जिलों में हीटवेव अलर्ट, तापमान 40°C तक पहुंचने की संभावना...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपनी तीव्रता दिखानी शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों के दौरान रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चंपा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भीषण गर्मी का प्रभाव रहेगा।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री पर पहुंच चुका है। इसके अलावा, सरगुजा, जगदलपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। होली के बाद गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, साफ आसमान के कारण सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं, जिससे दिन के समय तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। रायपुर, दुर्ग संभाग के जिलों और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

रायपुर में तापमान 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बुधवार को दिन का तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिलासपुर में पारा 39 डिग्री के पार

बिलासपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 3.8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के बराबर था। वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में दिन का तापमान 37.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 5 डिग्री अधिक था, जबकि रात का तापमान 18.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था।

सरगुजा में तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक

सरगुजा संभाग के जिलों में दिन के समय तापमान औसत से अधिक रहा, जबकि रात का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। बुधवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 2.7 डिग्री कम था।

जगदलपुर में तापमान 36 डिग्री के पार

जगदलपुर में दिन और रात दोनों समय तापमान औसत से अधिक रहा। अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से अधिक था।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi