बस्तर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: बीजापुर और कांकेर में मुठभेड़ के दौरान 24 नक्सली ढेर, हथियार जब्त, ऑपरेशन जारी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 24 नक्सली मारे गए। पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में 20 और कांकेर में 4 नक्सलियों को मार गिराया गया। इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) का एक जवान शहीद हो गया।

दो स्थानों पर चल रही मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, पहली मुठभेड़ बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर अब भी जारी है। बस्तर के आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि गुरुवार दोपहर तक दोनों जगहों पर गोलीबारी जारी थी।

IED धमाके में दो जवान घायल

नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर स्थित थुलथुली इलाके में IED ब्लास्ट हुआ, जिससे दो जवान घायल हो गए। हालांकि, उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस इलाके में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

नक्सलियों के ठिकाने पर घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगालूर इलाके में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसी के आधार पर बीजापुर और दंतेवाड़ा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। सुरक्षाबलों ने पहले ही एंड्री इलाके की घेराबंदी कर ली थी और गुरुवार सुबह से मुठभेड़ शुरू हो गई।

पुलिस अधिकारियों का बयान

बीजापुर के एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि मुठभेड़ अभी जारी है और इसके समाप्त होने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, दंतेवाड़ा के एसपी गौरव राय ने जानकारी दी कि हिरोली इलाके से जवानों को भेजा गया था और मुठभेड़ अभी भी जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi