भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (यूपी) कुशीनगर, शादी से ठीक एक दिन पहले हल्दी की रस्म के दौरान एक दुल्हन अचानक लापता हो गई, जिससे पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे के परिवार सहित दोनों पक्षों ने उसे खोजने की पूरी कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताया जा रहा है कि दुल्हन, दूल्हे द्वारा फोन न उठाने से नाराज थी। लापता होने से पहले उसने दूल्हे को एक भावुक मैसेज भी भेजा, जिसमें अगले जन्म में मिलने की बात कही गई। वहीं, अनहोनी की आशंका को देखते हुए वर पक्ष ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
शादी से पहले की रस्मों के बीच दुल्हन हुई गायब
यह मामला कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का है। यहां के एक युवक की शादी खड्डा थाना क्षेत्र की रहने वाली लड़की से तय हुई थी। शादी की सभी तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। 5 मार्च को हल्दी की रस्म हो रही थी और अगले दिन बारात आने वाली थी।
इसी बीच, हंसी-खुशी का माहौल अचानक तब बदल गया जब दुल्हन के गायब होने की खबर फैली। परिजन घबरा गए और तुरंत उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। इसके बाद लड़की के परिवार ने वर पक्ष को इस घटना की जानकारी दी।
दुल्हन का भावुक मैसेज: 'अगले जन्म में आऊंगी'
गायब होने से पहले दुल्हन ने दूल्हे के फोन पर एक मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपनी नाराजगी जाहिर की। उसने लिखा,
"जा रही हूं आपकी जिंदगी से, ठीक है न? जिंदगी भर मोबाइल बंद ही रखिएगा, अब मैं आपको नहीं मिलूंगी। बहुत तकलीफ सही है मैंने, आपकी वजह से। आप हमेशा खुश रहिएगा। तीन घंटे से फोन लगा रही हूं, लेकिन नहीं लग रहा है। मेरा दिल बहुत घबराता है। अगले जन्म में जरूर आऊंगी।"
पुलिस कर रही मामले की जांच
लड़की के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने वर पक्ष को सूचित किया। इसके बाद, दूल्हे की मां ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दुल्हन की तलाश जारी है।
इस घटना से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है। पुलिस की जांच में आगे क्या सामने आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

