भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बालाघाट में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक कार पेड़ से टकरा गई और आग की चपेट में आ गई। इस दुर्घटना में एक युवक की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे दिनी-पुनी मार्ग के मुरमाड़ी इलाके में हुआ। रामपायली थाना पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ के दुर्ग से पांच युवक कटंगी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वहां से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई।
कार में सवार चार लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन 24 वर्षीय राकेश श्रीवास वाहन में ही फंसा रह गया और जलकर उसकी मौत हो गई। सुबह जब स्थानीय ग्रामीण घूमने निकले, तो उन्होंने दुर्घटना की जानकारी रामपायली पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
घायलों में सत्यप्रकाश पटले (27) और कृष्णा साहू (18) को बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया है, जबकि श्लोक जोशी (29) और विक्रम खांडे (19) का उपचार बालाघाट जिला अस्पताल में जारी है। घायलों की स्थिति अभी ऐसी नहीं है कि वे बातचीत कर सकें।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

