भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिहार के रोहतास जिले के रेड लाइट एरिया से छत्तीसगढ़ की 41 लड़कियों को मुक्त कराया गया है। इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जो लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा में नृत्य के अवसर देने का झांसा देकर उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेलते थे। यह अवैध गतिविधि लगभग दो वर्षों से संचालित हो रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर रोहतास जिले के रेड लाइट क्षेत्र में छापेमारी की। इस अभियान के तहत जबरन देह व्यापार में फंसी युवतियों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया गया।
जांच में यह सामने आया कि पकड़े गए दलाल गरीब और मजबूर लड़कियों को 30 से 40 हजार रुपये देने का प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें रेड लाइट एरिया में बेच दिया जाता था, जहां उन्हें जबरदस्ती इस धंधे में धकेल दिया जाता था। पुलिस ने पुष्टि की है कि यह संगठित अपराध लंबे समय से जारी था।
इस बचाव अभियान को रोहतास के एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने अंजाम दिया। रेस्क्यू के उपरांत सभी 41 लड़कियों को सासाराम स्थित बाल कल्याण समिति भेज दिया गया है, जहां उनके संरक्षण और पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है|
ताकि इस मामले से जुड़े अन्य दोषियों और मानव तस्करी के विस्तृत नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस अब लड़कियों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

