भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : फिरोजाबाद में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एलकेजी में पढ़ने वाले एक पांच वर्षीय छात्र की अचानक स्कूल में मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई होगी। इस घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मामला कोतवाली दक्षिण थाना क्षेत्र के नगला मोती का है, जहां रहने वाले मनोज का बेटा भवदीप रोज की तरह शुक्रवार को इंडस्ट्रियल एरिया स्थित स्कूल गया था। क्लास के दौरान ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्कूल स्टाफ ने पहले तो उसके हाथ-पैरों की मालिश की, फिर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत के बाद स्कूल स्टाफ शव को अस्पताल में छोड़कर वहां से चले गए। जब परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली, तो वे तुरंत अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। परिजनों का कहना है कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और उसे कोई बीमारी नहीं थी, फिर अचानक उसकी मौत कैसे हो गई।
इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूल स्टाफ बच्चे के हाथ-पैरों की मालिश करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर दक्षिण योगेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

