भिलाई स्टील प्लांट में चोरी : फर्जी गेट पास से प्रवेश कर ले जा रहा था 530 किलो हैमर स्क्रैप...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में एक व्यक्ति ने नकली गेट पास का इस्तेमाल कर प्रवेश किया और 530 किलोग्राम हैमर स्क्रैप चुराकर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था। उसने अपनी कार में एक गुप्त स्थान बनाया था, जहां चोरी का लोहा छिपाया गया था। लेकिन गेट पर जांच के दौरान सीआईएसएफ ने उसे धर दबोचा। सीआईएसएफ ने आरोपी को चोरी के सामान और वाहन सहित भिलाई भट्टी पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में भिलाई भट्टी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 319(2), 336(2), 336(3), 340(2) BNS एवं 25,26 छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के सहायक उप निरीक्षक छुट्टन लाल मीना ने इस घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि 20 मार्च 2025 को पहली शिफ्ट के दौरान उनकी ड्यूटी बोरिया गेट पर थी। इस दौरान आरक्षक अजीत कुमार तिर्की वाहन चेकिंग के लिए बोरिया आउट गेट पर तैनात थे। 

सुबह करीब 7 बजे एक सफेद रंग की हुंडई कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर सीजी 07 एम 4863 था, बोरिया आउट गेट से बाहर निकलने पहुंची। जांच के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे कुछ लोहे के टुकड़े छिपाए जाने की बात सामने आई।

जब कार चालक का गेट पास जांचा गया तो उस पर सूरज सिंह नाम दर्ज था, जिसका बीएसपी पर्सनल नंबर 941761 था और पद TECH(BL), विभाग SP-3 दर्शाया गया था। वाहन की गहन जांच करने पर पता चला कि कार की पिछली सीट के नीचे एक गुप्त स्थान बनाया गया था, जिसमें 29 नग हैमर स्क्रैप छिपाए गए थे। पूछताछ में कार चालक ने अपना असली नाम आकाश कुहीकर, निवासी अर्जुन नगर, अटल आवास बताया। उसके पास बीएसपी कर्मचारी के गेट पास की हूबहू नकल थी, जो सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई थी।

आरोपी ने बताया कि उसने आरएमपी-03 क्षेत्र से 29 नग हैमर स्क्रैप कार में छिपाकर चोरी करने के उद्देश्य से बोरिया आउट गेट से बाहर ले जाने की योजना बनाई थी। हालांकि, जांच के दौरान वह बोरिया गेट पर पकड़ लिया गया। जब्त किए गए 29 नग हैमर स्क्रैप का कुल वजन 530 किलोग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 15,900 रुपये आंकी गई। सफेद रंग की हुंडई कार (सीजी 07 एम 4863) को भी जब्त कर लिया गया और आरोपी को भिलाई भट्टी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने उचित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi