भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में इन दिनों यातायात पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन सुरक्षा' अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों और पिकअप वाहनों में सवारी ढोने वालों पर भी सख्ती बरती जा रही है।
पिछले चार दिनों में, यातायात पुलिस ने 68 वाहन चालकों को नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पकड़ा, जिनके वाहन जब्त कर लिए गए। इन मामलों में न्यायालय ने प्रत्येक चालक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे की हालत में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, बिना हेलमेट के कारण होने वाली मौतों को कम करना और मालवाहक वाहनों में सवारियां ले जाने की घटनाओं पर नियंत्रण पाना है। अभियान के दौरान कुल 856 चालकों पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की जा रही है, जिसमें शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक ब्रीथ एनालाइजर मशीन की मदद से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया में 68 वाहन चालक नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पाए गए।
चार दिनों में 762 बिना हेलमेट वाहन चालकों और 12 मालवाहक वाहनों में सवारी ले जाने के मामलों में कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के वाहन जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने प्रत्येक पर 10,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया। साथ ही, यातायात पुलिस ने उनके ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग को सूचित कर दिया है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

