किरायेदार के बेटे ने 70 वर्षीय मकान मालकिन वृद्धा के साथ दुष्कर्म कर गला घोंटकर की हत्या, फिर साक्ष्य मिटाने नाख़ून काटकर डस्टबिन में फेंका , पुलिस ने कटे नाखूनों से सुलझाया केस....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : खंडवा (मप्र) में एक 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या के पीछे उसका किरायेदार का बेटा निकला। शैलेंद्र सिंह ने वृद्धा को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब वृद्धा ने विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया, तो उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में मृतका के गले पर नाखूनों के गहरे निशान पाए गए, जिससे संदेह गहराया।

घटना के बाद आरोपी ने अपने नाखून काटकर घर के डस्टबिन में डाल दिए, ताकि साक्ष्य नष्ट कर सके। पुलिस से बचने के लिए उसने कई प्रयास किए, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल को ट्रेस किया, तो उसकी लोकेशन बड़वानी में मिली। महाराष्ट्र भागने से पहले ही पुलिस ने उसे बड़वानी में धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दुष्कर्म की मौखिक पुष्टि विशेषज्ञ पैनल द्वारा कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां घर का सामान बिखरा हुआ था। मृतका के बेटे और बहू उस समय घर पर नहीं थे।

परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि घर में 45 हजार रुपये रखे थे, जो लापता थे। सामान अस्त-व्यस्त था और मृतका के मुंह पर तकिया रखा हुआ था, जिससे शुरू में यह मामला लूटपाट के दौरान हत्या का प्रतीत हुआ।

जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो आरोपी शैलेंद्र बाहर दरवाजे पर ही बैठा रहा, ताकि खुद को निर्दोष साबित कर सके। लेकिन जैसे ही पुलिस घर के अंदर जांच के लिए गई, वह वहां से भाग निकला। इस हरकत से पुलिस का शक और गहरा हो गया।

घर की तलाशी लेने पर 45 हजार रुपये वहीं सुरक्षित मिले, जिससे लूट की आशंका समाप्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने अन्य सुराग तलाशने शुरू किए और डस्टबिन में कटे हुए नाखून मिले।

आरोपी शैलेंद्र सिंह के पिता इंदौर के पोस्ट ऑफिस से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका परिवार बड़वानी का मूल निवासी है। आरोपी की मौसी खंडवा में रहती थीं, जिसके चलते उसके माता-पिता भी खंडवा आ गए और तीन महीने पहले वृद्धा के मकान में किराये से रहने लगे। शैलेंद्र पिछले 17 वर्षों से महाराष्ट्र में रह रहा था। वह मात्र आठ दिन पहले खंडवा आया था और मौका पाकर उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे दिया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi