भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (मप्र) कटनी, बरही थाना क्षेत्र के खितौली चौकी अंतर्गत हदरहटा गांव में एक सौतेली मां ने अपनी 8 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हदरहटा निवासी पंकज कुशवाहा की पहली पत्नी से हुई बेटी नैना उर्फ अनिता कुशवाहा (8) अपने पिता के साथ रहती थी। पंकज ने कुछ समय पहले नंदिनी कुशवाहा से दूसरी शादी की थी, जिससे उनका डेढ़ माह का बेटा था।
नंदिनी अपनी सौतेली बेटी से अच्छा व्यवहार नहीं करती थी और उसे लेकर मन में रंजिश रखती थी, क्योंकि उसका पति पंकज बेटी से गहरा लगाव रखता था।
गुरुवार सुबह नंदिनी ने अपने बेटे को नैना को पकड़ा दिया। बच्ची जब अपने छोटे भाई को संभाल रही थी, तभी गलती से वह गिर गया। यह देखकर नंदिनी को गुस्सा आ गया और उसने गुस्से में आकर नैना का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बच्ची की हत्या के बाद आरोपी सौतेली माँ ने शव को पलंग पर रखकर कंबल से ढक दिया। जब शाम को पंकज घर लौटा तो उसने बेटी के बारे में पूछा। नंदिनी ने उसे खेलने के लिए बाहर जाने की बात कही।
बेटी को घर और आसपास ढूंढने के बाद जब कोई पता नहीं चला, तो पंकज ने घर के पलंग के बिस्तर हटाए, जहां नैना का शव मिला। जब उसने देखा कि बेटी में कोई हलचल नहीं है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी और खितौली चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

