गरियाबंद में नक्सलियों की काली कमाई और हथियारों का भंडार जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 8 लाख नकद बरामद....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : गरियाबंद: छत्तीसगढ़ पुलिस को नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में एक और बड़ी सफलता मिली है। जिले की पुलिस ने नक्सलियों द्वारा छुपाए गए धन और हथियारों के बड़े भंडार को खोज निकाला है। एसपी निखिल राखेचा की अगुवाई में पुलिस लगातार नक्सलियों के ठिकानों और उनके संसाधनों को खत्म करने में जुटी हुई है। 

इस कड़ी में, मैनपुर थाना क्षेत्र के समीप स्थित पंडरी पानी से पुलिस ने जमीन में छिपाकर रखे गए 8 लाख रुपये नकद, हथियारों का बड़ा जखीरा और नक्सली साहित्य बरामद किया है। अब पुलिस इस पैसे के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है।

एसपी निखिल राखेचा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पंडरी पानी के पहाड़ी इलाके में धमतरी-गरियाबंद-नुआपड़ा डिविजन कमेटी द्वारा जबरन वसूली की रकम छुपाई गई थी। इस संबंध में खुफिया जानकारी प्राप्त होने पर एसपी के निर्देशानुसार जिला पुलिस, कोबरा बटालियन और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बीडीएस टीम के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। 

20 मार्च की सुबह सुरक्षाबलों की टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और पेड़ के नीचे खुदाई शुरू की, जिसमें एक सफेद बोरी मिली। जब टीम ने उसे जांचा तो उसमें टिफिन डिब्बों में रखे 8 लाख रुपये नकद, 13 जिलेटिन स्टिक और नक्सली साहित्य समेत अन्य सामग्री बरामद हुई।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 की शुरुआत से ही गरियाबंद पुलिस को नक्सल विरोधी अभियानों में बड़ी सफलताएँ मिल रही हैं। जनवरी में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने सेंटर कमेटी सदस्य चलपति समेत कुल 17 नक्सलियों को मार गिराया। फरवरी में बड़े पैमाने पर हथियारों को नष्ट किया गया, वहीं मार्च महीने में तीन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। अब पुलिस गाड़े गए धन तक भी पहुँच गई है। इस तरह, गरियाबंद जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों ने नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से शिकंजा कसने में सफलता हासिल की है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi