घटना गीदम थाना क्षेत्र की है, जहां एक दुकानदार रफीक पर आरोप है कि उसने अपनी दुकान में लड़की को अश्लील हरकत दिखाने की कोशिश की। इस कृत्य से आक्रोशित भीड़ ने पहले मस्जिद का घेराव किया और फिर पूरे शहर में प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। लोग आरोपी की गिरफ्तारी और उसकी दुकान तोड़ने की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस और प्रशासन द्वारा समझाइश देने के बाद चक्काजाम खत्म किया गया। इसके बाद पुलिस ने देर रात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की। गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल के अनुसार, जैसे ही पुलिस को मामले की सूचना मिली, तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच में पता चला कि वह बीजापुर की ओर भाग रहा था। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बीजापुर की ओर रवानगी की और शहर से लगभग 5-6 किलोमीटर की दूरी पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपी ने उनकी बेटी के साथ बेहद शर्मनाक हरकत की है। उनका कहना है कि आरोपी ने दुकान में कपड़े उतारकर अश्लील हरकतें कीं, जिससे उनकी बेटी बुरी तरह डर गई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी पर कठोरतम कार्रवाई हो और उसकी दुकान को ध्वस्त किया जाए। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

