भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर छग , भारत की चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में शानदार जीत के बाद छत्तीसगढ़ में जश्न का माहौल देखने को मिला। न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराने के बाद प्रदेशभर में लोग खुशी से झूम उठे। हर ओर होली और दिवाली का संगम दिखा, जहां रंग-गुलाल के साथ-साथ आतिशबाजी भी देखने को मिली।
राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पर क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी भारत की जीत का जश्न मनाते नजर आए। पूरे शहर में उत्साह का माहौल था, और लोग "इंडिया-इंडिया" के नारे लगाते हुए नजर आए। सुबह से ही क्लब, रेस्टोरेंट और मॉल्स में लोग मैच देखने के लिए इकट्ठा हो गए थे। कुछ मल्टीप्लेक्स थिएटरों में भी विशेष व्यवस्था कर मैच का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
बिलासपुर में भी रविवार की रात खुशी और उत्साह से भरी रही। यहां के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए जमकर जश्न मनाया। डीजे की धुन पर थिरकते लोग और आतिशबाजी का नजारा पूरे शहर में देखने को मिला। दोपहर से ही चौक-चौराहों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लोग मैच का लुत्फ उठा रहे थे। जैसे ही भारतीय गेंदबाजों ने विकेट झटके, वैसे ही लोगों का उत्साह बढ़ता चला गया। इसके पहले, भारत की जीत की कामना करते हुए कई जगहों पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन भी किया गया था।
रायगढ़ में भी भारत की जीत के बाद रातभर जश्न जारी रहा। क्रिकेट प्रेमी तिरंगा हाथ में लेकर सड़कों पर उतर आए और जमकर आतिशबाजी की। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे की धुन पर थिरकते हुए लोगों ने मिठाइयां बांटी और खुशियां मनाईं।
गरियाबंद के तिरंगा चौक पर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हुए और "भारत माता की जय" के नारे लगाए। पूरे चौक को देशभक्ति के रंग में रंग दिया गया, जहां तिरंगा लहराते हुए लोगों ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तारीफ की। मिठाइयां बांटी गईं और जोरदार आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया गया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

