भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के सुपेला क्षेत्र के कांट्रैक्टर कॉलोनी वार्ड 6 में रहने वाले 61 वर्षीय डॉ. आरती राम साहू ने खुदकुशी कर ली। उनके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने अपने परिवार को परेशान न करने की अपील की है। इस घटना की जांच सुपेला पुलिस कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, डॉ. आरती राम साहू गायत्री प्रज्ञापीठ रामनगर मुक्तिधाम भगवती संस्थान में वरिष्ठ कार्यकर्ता थे और कांट्रैक्टर कॉलोनी में अपना निजी क्लीनिक संचालित करते थे।
कांग्रेस पार्षद लालचंद वर्मा ने बताया कि डॉ. साहू एक समृद्ध परिवार से थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। वे अपने नाती-नातिनों के साथ भी काफी समय बिताते थे।
घुटनों के दर्द से लंबे समय से परेशान डॉ. साहू अपने भारी शरीर के कारण चलने-फिरने में कठिनाई महसूस कर रहे थे। पार्षद वर्मा ने बताया कि वे अक्सर इस समस्या को लेकर चर्चा करते थे और अपनी बीमारी से बेहद परेशान थे।
सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी परेशानी का जिक्र किया और यह स्पष्ट किया कि उनके इस फैसले के लिए परिवार को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
बताया जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या करने का मन पहले ही बना लिया था। इसके लिए उन्होंने एक दिन पहले दुकान से नायलॉन की नई रस्सी खरीदी और उसे अपने झोले में रखा।
15 मार्च की सुबह उन्होंने घर में नाश्ता किया और फिर झोला लेकर निकल गए। जाने से पहले वे अपने नाती-नातिनों के साथ दुकान गए और उन्हें चॉकलेट दिलाई।
इसके बाद वे पैदल चलते हुए चंद्रा मौर्या टॉकीज के पीछे रेलवे ट्रैक की ओर गए। वहां जंगल वाले क्षेत्र में एक पेड़ से रस्सी का फंदा बनाया और फांसी लगा ली। शाम को स्थानीय लोगों ने जब उन्हें लटका हुआ देखा, तो पुलिस और परिवार को सूचना दी।
रविवार को उनका पोस्टमार्टम किया गया और फिर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर 12 बजे रामनगर मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

