भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेवरा सिरसा चौकी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सरपंच पद के शपथ ग्रहण होने के कुछ घंटों बाद ही अज्ञात बदमाशों ने सरपंच के भतीजे की दुकान में आग लगा दी। इस आगजनी में भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र का शक
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे के अनुसार, पीड़ित देवशरण नागवंशी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी दुकान को जानबूझकर जलाया गया है। घटना स्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को दुकान पूरी तरह जल चुकी मिली, और अंदर रखा पूरा सामान भी राख हो गया।
देवशरण नागवंशी ने आरोप लगाया कि यह घटना राजनीतिक साजिश के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि वह खुद सरपंच पद का चुनाव लड़ने वाले थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपने चाचा धनेश नागवंशी को उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने चुनाव में जीत हासिल कर ली।
सोमवार को धनेश नागवंशी ने सरपंच पद की शपथ ली, और उसी रात कुछ अज्ञात लोगों ने पेट्रोल डालकर देवशरण की दुकान में आग लगा दी। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
पुलिस को घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें साफ दिख रहा है कि रात करीब 12 बजे तीन युवक स्कूटी से आए। उन्होंने अपने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। स्कूटी दुकान से कुछ दूरी पर रोककर, उनमें से एक युवक बोतल में पेट्रोल लेकर दुकान के पास पहुंचा और उसे चारों ओर छिड़क दिया। इसके बाद उसने माचिस जलाकर दुकान में आग लगा दी और सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
लाखों का नुकसान होने की आशंका
देवशरण नागवंशी की दुकान में किराने का सामान और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां रखी हुई थीं, जिनमें से कुछ बेहद कीमती थीं। आग लगने के कारण सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और दोषियों की तलाश में जुट गई है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

