डरा देने वाली खबर : मोमोज फैक्ट्री के फ्रिज से कुत्ते का सिर बरामद, गंदगी और सड़ा मांस मिलने से मचा हड़कंप! कर्मचारी मौके से फरार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : पंजाब के मोहाली जिले में स्थित एक मोमोज बनाने वाली फैक्ट्री में छापेमारी के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अधिकारियों ने जब इस फैक्ट्री का निरीक्षण किया, तो वहां के फ्रिज में कुत्ते का सिर बरामद हुआ। खाद्य और स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से इस फैक्ट्री के संबंध में कई शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। यह फैक्ट्री गैटोर गांव में स्थित थी।  

फैक्ट्री में मिला सड़ा-गला सामान  

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में सड़ी-गली सब्जियां, गंदगी से भरी जगह और 50 किलो खराब मांस मिला। इसके अलावा, मौके पर एक क्रेशर मशीन भी पाई गई, जिसका इस्तेमाल खाद्य पदार्थ तैयार करने में किया जाता था। यह फैक्ट्री मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला में मोमोज, स्प्रिंगरोल और अन्य खाद्य उत्पादों की आपूर्ति कर रही थी।  

कुत्ते का शव नहीं मिला  

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फैक्ट्री में केवल कुत्ते का सिर मिला, जबकि पूरा शव वहां से गायब था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे मोमोज या अन्य खाद्य पदार्थों में कुत्ते के मांस का उपयोग किया गया था या नहीं।  

दो वर्षों से चल रही थी फैक्ट्री  

अधिकारियों के मुताबिक, यह फैक्ट्री पिछले दो सालों से संचालित हो रही थी और इसमें कुल 10 कर्मचारी काम करते थे। छापेमारी की सूचना मिलते ही सभी कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है ताकि इस मामले की गहराई से जांच की जा सके।  

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो  

स्थानीय निवासियों ने इस फैक्ट्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें गंदे वातावरण में बनाए जा रहे मोमोज और अन्य खाद्य सामग्री को दिखाया गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है।  

लैब में भेजे गए मांस के सैंपल  

अधिकारियों ने जब्त किए गए मांस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में चिकन के नाम पर किसी अन्य जानवर का मांस उपयोग किए जाने की आशंका थी, जिसके कारण जांच टीम ने यह कार्रवाई की। अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi