भिलाई : बिना संकेतक के सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टकराई बाइक, अंधेरे में दर्दनाक हादसा, युवक की मौत....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , खुर्सीपार थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टकराने के कारण एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेलर में भारी-भरकम लोहे के एंगल भरे हुए थे, और उसे चालक बिना किसी सुरक्षा संकेतक के छोड़कर चला गया था। रात के अंधेरे में वह ट्रेलर बाइक सवारों को नजर नहीं आई, जिससे उनकी बाइक सीधी ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं, जिनमें से बाइक चला रहे युवक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस घटना की जांच शुरू कर दी है और धारा 281, 285, 125, 106 के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता का बयान

इस घटना की शिकायत बलांगीर, ओडिशा के मूल निवासी और वर्तमान में जय स्तंभ चौक, पुरैना, भिलाई 3 में रहने वाले 29 वर्षीय मित्र सेन बिभार ने दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे कुरुद स्थित कचरा गोदाम में सिविल मिस्त्री का कार्य करते हैं। उनके साथ काम करने वाला किशन महानंद उर्फ कमल भी उनके साथ था। 13 मार्च को दोनों काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे, जिसे किशन चला रहा था।

सड़क पर अंधेरा बना हादसे की वजह

घटना के समय सड़क पर कोई स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही थी, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। रात करीब 8:25 बजे, जब वे खुर्सीपार में ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाली सड़क पर पहुंचे, तो एक फर्नीचर दुकान के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर (सीजी 04 जेडी 0282) उनकी नजरों से बच गई। ट्रेलर में बड़े-बड़े लोहे के एंगल लोड थे, जो अंधेरे में साफ दिखाई नहीं दिए। अचानक बाइक ट्रेलर से टकरा गई, जिससे दोनों सवारों को गंभीर चोटें आईं।

इलाज के दौरान किशन ने तोड़ा दम

टक्कर के प्रभाव से उनके सिर, चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे में किशन को ज्यादा चोट लगी, जिससे वह बेहोश हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही और अंततः उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi