राजनांदगांव को मिली पहली महिला थाने की सौगात: विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने किया शुभारंभ, महिला सुरक्षा और न्याय की दिशा में बड़ा कदम...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में प्रथम महिला थाना की स्थापना की गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने फीता काटकर इस नए महिला थाना का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल से जिले की महिलाएं अपनी समस्याओं को बिना किसी हिचकिचाहट के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगी।  

पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने इस थाने की जिम्मेदारी उप निरीक्षक गीतांजली सिन्हा को सौंपी है। महिला अपराधों की गंभीरता से जांच कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने, महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी शिकायतों की प्रभावी सुनवाई के उद्देश्य से इस विशेष महिला थाने की स्थापना की गई है। यहां एक प्रभारी अधिकारी, दो महिला प्रधान आरक्षक, तीन महिला आरक्षक और एक नगर सैनिक की तैनाती की गई है, जिससे शिकायतों का निपटारा व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।  

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उत्कृष्ट सेवा देने वाली महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इसके अलावा, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला थाना से एक विशेष महिला बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi