भारतमाला परियोजना में भूमि अधिग्रहण अनियमितता: तत्कालीन एसडीएम निर्भय साहू निलंबित...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर(छग)  प्रस्तावित रायपुर-विशाखापटनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत भारतमाला परियोजना की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में गड़बड़ी के चलते, तत्कालीन एसडीएम एवं वर्तमान में जगदलपुर नगर निगम के आयुक्त निर्भय साहू (राप्रसे) को राज्य सरकार द्वारा निलंबित कर दिया गया है।

निर्भय साहू, जो कि उस समय अभनपुर के अनुविभागीय अधिकारी एवं भू-अर्जन के सक्षम प्राधिकारी के रूप में कार्यरत थे, पर आरोप है कि उन्होंने भूमि अधिग्रहण में वास्तविक मुआवजे से अधिक राशि का भुगतान कर निजी भूस्वामियों को अनुचित लाभ पहुंचाया, जिससे सरकार को वित्तीय हानि उठानी पड़ी।

इसके अतिरिक्त, भू-अर्जन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों की गतिविधियों की समुचित निगरानी नहीं की और अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरती। यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1)(क), 3(1)(ख) एवं 3(2)(क) का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है। इसी आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबन की अवधि के दौरान, निर्भय कुमार साहू का मुख्यालय जगदलपुर आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें इस दौरान मौलिक नियम 53 के तहत नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

रायपुर-विशाखापटनम एक्सप्रेसवे की जानकारी  

रायपुर-विशाखापटनम एक्सप्रेसवे, भारतमाला परियोजना का एक महत्वपूर्ण भाग है। यह 6-लेन का हाईवे छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश से होकर गुजरेगा। इस एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 464 किलोमीटर होगी, जिससे आवागमन सुगम होगा और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi