भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण में लापरवाही: वरिष्ठ डीसीएम की सख्त कार्रवाई, ठेकेदार को फटकार और अवैध अतिक्रमणपर चेतावनी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। छत्तीसगढ़ के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। इसी योजना के अंतर्गत भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन का भी नवीनीकरण कार्य जारी है। शनिवार को इस स्टेशन के वीआईपी लॉन्ज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कर्मचारियों के सम्मान का आयोजन किया गया।


 इस समारोह में मंडल रेल प्रबंधक दयानंद एवं वरिष्ठ डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत वरिष्ठ डीसीएम अवधेश कुमार ने रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में पाई गई लापरवाहियों को देखते हुए ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।

दरअसल, स्टेशन के नवीनीकरण के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके चलते विभिन्न स्थानों पर गंदा पानी जमा हो रहा है। स्टेशन परिसर के व्यापारियों ने इस समस्या को वरिष्ठ डीसीएम अवधेश कुमार के समक्ष रखा, जिसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर उन्होंने ठेकेदार को बुलाकर सख्त निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पूरे स्टेशन परिसर का दौरा करते हुए ठेका एजेंसी को तय समयसीमा के भीतर कार्य को पूरा करने का आदेश दिया।

अवैध ठेले-टप्पर हटाने की चेतावनी

स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर कई लोग अवैध रूप से ठेले लगाकर व्यापार कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ डीसीएम अवधेश कुमार के निर्देश पर आरपीएफ प्रभारी ने ऐसे ठेले संचालकों को सख्त चेतावनी दी। उन्हें रेलवे परिसर की सीमा से बाहर जाने के निर्देश दिए गए और भविष्य में परिसर में अवैध ठेले लगाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त, स्टेशन परिसर में पार्किंग व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, जिससे सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े किए जाएं।

महिला कर्मचारियों को दिया गया सम्मान

भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर डीआरएम दयानंद ने महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया। यहां कार्यरत महिला टीटी, काउंटर स्टाफ और अन्य महिला कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीआरएम दयानंद ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और रेलवे में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। उन्होंने सभी महिला कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi