छत्तीसगढ़ में नकली शराब का गोरखधंधा उजागर: भारी मात्रा में शराब, सामग्री और कार जब्त...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बलरामपुर: छत्तीसगढ़ में नकली शराब के अवैध कारोबार का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकली शराब और इसे बनाने की सामग्री बरामद की गई है। इस दौरान रामानुजगंज निवासी आरोपी रवि गुप्ता को एक कार के साथ पकड़ा गया, जिससे पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी नकली शराब बनाकर छत्तीसगढ़ और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई कर रहा था। यह पूरा मामला रामानुजगंज थाना क्षेत्र के कंचननगर का है।

सूचना पर पुलिस की छापेमारी, भारी मात्रा में बरामदगी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामानुजगंज थाना क्षेत्र के कंचननगर में नकली शराब बनाने का अवैध धंधा चल रहा है। इस सूचना के आधार पर आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने मिलकर कार्रवाई की और मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान टीम को भारी मात्रा में नकली शराब बनाने की सामग्री मिली, जिसमें स्पिरिट, शराब की खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के रेपर, बारकोड और हॉलमार्क स्टीकर शामिल थे।

शराब दुकान में काम कर सीखी नकली शराब बनाने की तकनीक

पुलिस ने आरोपी को मौके से कार समेत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले शराब दुकान में काम कर चुका था, जिससे उसे शराब निर्माण और ब्रांडिंग की पूरी जानकारी थी। इसी अनुभव का इस्तेमाल कर उसने नकली शराब बनाने और उसे बाजार में बेचने का गैरकानूनी कारोबार शुरू कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी नकली शराब को छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में कई और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

पुलिस जांच में जुटी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

आबकारी उपनिरीक्षक नीरज साहू ने बताया कि पुलिस और आबकारी विभाग की टीम इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, नकली शराब के इस बड़े नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच को और तेज कर दिया गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi