भिलाई में बनेगा राज्य का पहला अत्याधुनिक हार्स राइडिंग ट्रैक , वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन के प्रयासों से हुआ संभव...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। घुड़सवारी न केवल आत्मविश्वास को बढ़ाती है, बल्कि व्यक्ति में आत्म-सम्मान की भावना भी विकसित करती है। जब कोई सवार घोड़े को नियंत्रित करना सीखता है और अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करता है, तो उसमें "मैं कर सकता हूँ" की भावना प्रबल होती है। घुड़सवारी कोई साधारण कला नहीं है, यह एक विशेष कौशल है जिसे हर कोई नहीं सीख सकता।

इसी कौशल को बढ़ावा देने के लिए वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन के प्रयासों से छत्तीसगढ़ का पहला हार्स राइडिंग ट्रैक भिलाई के सुपेला स्थित प्रियदर्शनी परिसर में छह महीनों के भीतर तैयार होने जा रहा है।

गौरतलब है कि इस परियोजना का प्रस्ताव फरवरी में दुर्ग जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद् की बैठक में विधायक रिकेश सेन द्वारा प्रस्तुत किया गया था। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में स्थित सुपेला प्रियदर्शनी परिसर में हार्स राइडिंग ट्रैक निर्माण का अनुरोध किया था और इसके लिए विस्तृत योजना शासन को सौंपी गई थी। 

इस प्रस्ताव को प्रशासन की स्वीकृति मिल चुकी है और इसके लिए 1 करोड़ 9 लाख 96 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के प्रथम चरण के तहत 43 लाख 98 हजार 400 रुपये की पहली किश्त भी जारी कर दी गई है। विधायक सेन ने जानकारी दी कि यह अत्याधुनिक हार्स राइडिंग ट्रैक छत्तीसगढ़ का पहला और बेहतरीन ट्रैक होगा, जिसे तय समय सीमा के भीतर, यानी छह महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।

इस ट्रैक के निर्माण से घुड़सवारी के लिए उपयुक्त सुविधाएं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भिलाई में उपलब्ध होंगे। इसका लाभ केवल भिलाई और दुर्ग के खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के घुड़सवारी प्रेमी उठा सकेंगे। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और खेल मंत्री से विचार-विमर्श कर हार्स राइडिंग के विभिन्न वर्गों जैसे हंटर/जंपर्स, रनिंग, ड्रेसेज, ड्राइविंग, इवेंटिंग, वॉल्टिंग, पोलो, ट्रेल क्लासेस, गैटेड प्रतियोगिताएं, रेनड काऊ और बैरल रेसिंग जैसे आयोजनों व प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी ध्यान दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वैशाली नगर के विधायक के प्रयासों से सुपेला प्रियदर्शनी परिसर में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से स्केटिंग ट्रैक और 5 करोड़ रुपये की लागत से स्विमिंग पूल निर्माण की भी मंजूरी मिल चुकी है। अब, हार्स राइडिंग ट्रैक बनने के बाद यह क्षेत्र खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन जाएगा। इन तीनों महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के नागरिकों में हर्ष का माहौल है। वहीं, स्वीमिंग, हार्स राइडिंग और रोलर स्केटिंग के खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों ने विधायक रिकेश सेन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi