भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग के हटरी बाजार में भयानक आगजनी की घटना सामने आई, जिसमें पांच दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस हादसे में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। आगजनी की यह घटना दुर्घटनावश नहीं हुई, बल्कि जानबूझकर की गई साजिश थी। इसका प्रमाण वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है। पुलिस अब संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
यह घटना दुर्ग जिला मुख्यालय के गांधी चौक स्थित हटरी बाजार में शनिवार देर रात घटी। एक अज्ञात युवक ने सोची-समझी योजना के तहत आगजनी को अंजाम दिया। इस आग में चार जूते-चप्पल की दुकानें और एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर जलकर नष्ट हो गए।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक युवक ने पहले एक दुकान में आग लगाई, फिर वहां खड़ी एक दोपहिया वाहन को भी जलाने की कोशिश की। आग ने धीरे-धीरे भयानक रूप ले लिया और पांच दुकानों को अपनी चपेट में लेकर खाक कर दिया| फायर ब्रिगेड जब तक मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने की कोशिश की तक दुकाने खाक हो गयी थी |
फुटेज के आधार पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी है।आरोपी के पकड़ में आने के बाद ही घटना के पीछे की वजह सामने आ पायेगी|
पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
दुर्ग सिटी एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि जैसे ही हटरी बाजार में आगजनी की सूचना मिली, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति स्पष्ट रूप से आग लगाते हुए देखा गया है, जिससे यह पुष्टि होती है कि यह घटना सुनियोजित थी। पुलिस जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की दिशा में काम कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने दुर्ग एसपी से जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने और सुरक्षा में हुई चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।आगजनी की इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है,

