भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा बस स्टैंड पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा हुआ। दुर्ग से बारात लेकर आई एक बस में अचानक आग लग गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे के वक्त बस के अंदर सो रहे ड्राइवर को इमरजेंसी गेट से बाहर निकलना पड़ा।
रात 3 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना रात करीब 3 बजे की है। आग इतनी तेज़ी से फैली कि आसपास खड़ी अन्य बसों को तुरंत हटा दिया गया। हालांकि, एक जागीरदार की बस को नुकसान पहुंचा है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
बारात लेकर आई थी बस
मनीष ट्रेवल्स की 52-सीटर बस के ड्राइवर लिकेश यादव ने बताया कि वह दुर्ग से बारात लेकर दल्लीराजहरा पहुंचा था। बस में सुरक्षा के लिए एक सेंसर लगा था, जो किसी हादसे के दौरान दरवाजे को लॉक कर देता है। आग लगने के बाद मुख्य दरवाजा लॉक हो गया, जिसके कारण ड्राइवर को इमरजेंसी गेट से बाहर निकलना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
दल्लीराजहरा थाना प्रभारी (टीआई) सुनील तुर्की ने बताया कि रात 12 बजे से सुबह 3.30 बजे तक के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में वाहन के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखी है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। इस हादसे में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे अनुमानित 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

